Uttarakhand News 22 July 2026: हरिद्वार। लगभग पांच करोड़ शिवभक्तों की मौजूदगी वाला श्रावण मास कांवड़ मेला सकुशल और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार कर लिया है।
मेले में करीब पांच हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। जिला पुलिस के अलावा बाहरी जनपदों से आने वाले पुलिस बल, पीएसी और करीब दो हजार प्रशिक्षु जवानों की तैनाती की जाएगी। किसी भी आतंकी खतरे या संदिग्ध गतिविधि से निपटने के लिए एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) भी प्रमुख स्थलों पर मुस्तैद रहेगी।
11 अगस्त तक चलेगा मेला
श्रावण मास कांवड़ मेला 30 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। 11 अगस्त तक चलने वाले मेले में पांच करोड़ से अधिक शिवभक्तों के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान है। विशाल आयोजन में सुरक्षा और यातायात पुलिस की प्रमुख चुनौतियां हैं। उसी लिहाज से इंतजाम के लिए होमवर्क किया जा रहा है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि मेले में करीब पांच हजार जवान तैनात रहेंगे। इनमें जिला पुलिस से लेकर लगभग दो हजार प्रशिक्षु, पीएसी व अर्द्धसैनिक बलों के जवान शामिल रहेंगे। बताया कि हरकी पैड़ी, प्रमुख घाटों, कांवड़ मार्ग, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड को भी सक्रिय रखा जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
चरणबद्ध तरीके से बढ़ेगी तैनात
मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। चरणबद्ध तरीके से अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बढ़ाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होती रहे।
इसके लिए चारधाम यात्रा के दौरान जनपद से अन्य जिलों में भेजे गए पुलिसकर्मियों की भी अब हरिद्वार वापसी कराई गई है। इन जवानों को कांवड़ मेले की ड्यूटी में लगाया जाएगा। कांवड़ मेले के नोडल अधिकारी व एसपी सिटी हरिद्वार अभय प्रताप सिंह का कहना है कि मेले के हर चरण के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था का लगातार आकलन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैनात किया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से निगरानी
सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और आधुनिक संचार व्यवस्था के माध्यम से मेले की निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी, जबकि वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। पुलिस की विशेष टीमें सादे कपड़ों में भीड़ के बीच मौजूद रहकर जेबकतरों, असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखेंगी।
कांवड़ मेले में शिवभक्तों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सभी एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि देशभर से आने वाले शिवभक्तों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।










