Uttarakhand News 24 July 2026: पौड़ी जिले की सतपुली थाना पुलिस ने गुलदार की खाल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर वन्यजीव तस्करी के प्रयास का पर्दाफाश किया है। आरोपी खाल को हरियाणा में बेचने की फिराक में था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे पहले ही धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी सर्वेश पंवार के अनुसार ग्राम पोखरी (दुधारखाल) निवासी संदीप धस्माना के पास गुलदार की खाल होने और उसे बेचने की तैयारी की सूचना मिली थी। जिस पर थानाध्यक्ष सतपुली अनिल चौहान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घर में रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने करीब दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था।
इसके बाद उसने खाल निकालकर अपने पास छिपाकर रख ली थी और उचित खरीदार मिलने पर उसे बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इस प्रकरण में किसी वन्यजीव तस्करी गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।










