Uttarakhand News 25 July 2026: देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य डा. नरेश बंसल के प्रश्न पर केंद्र सरकार ने बताया कि देश में 10,389 किलोमीटर राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर व ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे स्वीकृत किए गए हैं।
इनमें से 4,809 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 5,580 किलोमीटर पर निर्माण कार्य जारी है।
संस्थागत तंत्र विकसित
राज्यसभा में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लिखित उत्तर में बताया कि सरकार ने राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सहित सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा के लिए एक संस्थागत तंत्र विकसित किया है। इसके तहत केंद्र और राज्य सरकारों के साथ सभी संबंधित एजेंसियों की भागीदारी से परियोजनाओं की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाती है।
डा. नरेश बंसल ने वर्ष 2026 के दौरान राष्ट्रीय हाई-स्पीड कॉरिडोर और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की प्रगति, राज्यवार स्थिति तथा विलंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए उठाए गए कदमों के संबंध में प्रश्न पूछा था।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भूमि अधिग्रहण को सरल बनाने के लिए भूमिराशि पोर्टल तथा जीआइएस आधारित भूमि अधिग्रहण योजना का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा वन एवं पर्यावरण स्वीकृतियों में तेजी लाने के लिए परिवेश पोर्टल को सुदृढ़ किया गया है।










