Uttarakhand News 03 Aug 2026: बागेश्वर। सावन के तीसरे सोमवार को भगवान शिव की आराधना के लिए जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। नगर स्थित बागनाथ मंदिर में तड़के से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालु सरयू और गोमती के संगम से पवित्र जल भरकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।
सावन के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बागनाथ धाम पहुंचे। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर में पंडितों द्वारा रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और शिव महिमा का गुणगान कराया जा रहा है। भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
बागनाथ मंदिर के साथ ही काल भैरव मंदिर और बाणेश्वर मंदिर में भी दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं बैजनाथ धाम, कपकोट के शिवालयों सहित जिले के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। कई स्थानों पर कांवड़िए भी पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने पहुंचे।
बैजनाथ, माणेश्वर, कालभैरव और कपकोट के मंदिरों में भी गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे:
सावन के तीसरे सोमवार को उमड़ी श्रद्धा और आस्था ने पूरे जिले को शिवमय बना दिया। मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए पुलिस एवं मंदिर समितियों के स्वयंसेवक भी तैनात रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।










