Uttarakhand News 04 Aug 2026: देहरादून। आपदा संभावित राज्य उत्तराखंड समेत पूरे देश में अब आपदा की चेतावनी और आपातकालीन अलर्ट सीधे प्रभावित क्षेत्र के लोगों के मोबाइल फोन पर भेजे जाएंगे। केंद्र सरकार ने स्वदेशी सेल ब्राडकास्ट सिस्टम (सीबीएस) को देशभर में लागू कर दिया है। यह जानकारी राज्यसभा म डा. नरेश बंसल के सवाल के जवाब में केंद्र सरकार ने दी।

संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने बताया कि सी-डाट द्वारा विकसित यह स्वदेशी सेल ब्राडकास्ट सिस्टम अधिकृत सरकारी एजेंसियों को किसी भी प्रभावित क्षेत्र में मौजूद सभी मोबाइल फोन पर एक साथ आपातकालीन अलर्ट भेजने की सुविधा देता है। इस प्रणाली को सभी 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के माध्यम से लागू कर दिया गया है।

एनडीएमए के ‘सचेत’ प्लेटफार्म से जोड़ा गया

राज्यमंत्री ने बताया कि इस सिस्टम को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के ‘सचेत’ प्लेटफार्म से जोड़ा गया है। इसके जरिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) किसी विशेष क्षेत्र के लोगों को तुरंत आपदा संबंधी चेतावनी प्रसारित कर सकेंगे और उसकी निगरानी भी कर पाएंगे।

आज का देहरादून का मौसम ऐसा रहने का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई है।