Uttarakhand News 07 Aug 2026: देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने युवाओं तक पहुंच बनाने के अभियान को धरातल पर उतार दिया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में शुक्रवार को हरिद्वार से ऋषिकेश तक प्रस्तावित पैदल कांवड़ यात्रा को पार्टी के युवा संपर्क अभियान के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।
विभिन्न राज्यों के युवा कार्यकर्ता लेंगे भाग
कांवड़ यात्रा सात अगस्त की सुबह हरिद्वार से शुरू होकर शाम को ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम स्थित शिव गंगा घाट तक पहुंचेगी। यात्रा में उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के युवा कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने हरकी पैड़ी पर मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए गंगा जल भरा।
तेजस्वी सूर्या ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
राजनीतिक दृष्टि से अहम
भाजयुमो के अनुसार यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं होगी, बल्कि इसके माध्यम से युवाओं में सेवा, अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जाएगा। राजनीतिक दृष्टि से भी इस आयोजन को अहम माना जा रहा है।
भाजपा ने युवाओं के बीच पहुंचने को लेकर कोशिश तेज की है। ऐसे में कांवड़ यात्रा को उसी रणनीति की अगली कड़ी माना जा रहा है। भाजपा की कोशिश है कि बदलते सामाजिक परिवेश में युवाओं को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्रवादी विचारों से जोड़ा जाए।










