Uttarakhand News 13 Aug 2026: एमनिटी पब्लिक स्कूल रिंग रोड अंडरपास के पास डंपर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार करीब तीन वर्षीय बच्ची बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार बाइक संख्या UK 06 AY 3246 पर एक युवक अपनी पत्नी और करीब तीन वर्षीय बच्ची के साथ रुद्रपुर से गदरपुर की ओर जा रहा था। एमेनिटी पब्लिक स्कूल रिंग रोड अंडरपास के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। घायल युवक को निजी वाहन से रुद्रपुर जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना पर दिनेशपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।

हादसे के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर मौजूद लोगों में इस बात को लेकर रोष भी दिखाई दिया कि करीब आधा घंटा बीतने के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभालने का प्रयास किया।