Uttarakhand News 17 Aug 2026: पिथौरागढ़ जिले में तेजम की एक महिला के साथ घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। पति ने पहले पत्नी को बुरी तरह पीटा। उसके सिर पर डंडे से वार किए। इसके बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर उसे मारने का प्रयास किया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं मायके वालों की तहरीर पर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, तेजम क्षेत्र की एक महिला की शनिवार सुबह उसके पति ने बुरी तरह पिटाई कर दी। वह पीटते डंडे से पीटते हुए अपनी पत्नी को घर के पास बने टिन शेड में ले गया। वहां उसने रस्सी से गला घोंटकर उसे मारने का प्रयास किया। परिजन टिन शेड में पहुंचे और बमुश्किल उन्होंने महिला को छुड़ाया हालांकि इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां ईएमओ डॉ. गौरव ने उसका इलाज शुरू किया। महिला के मायके वालों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। थानाध्यक्ष मंगल सिंह ने बताया कि आरोपी देवेंद्र सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।










