Uttarakhand News 18 Aug 2026: गोपेश्वर। बारिश के चलते आपदाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले 10 अगस्त को तमक नाले में बादल फटा, फिर 13 अगस्त को टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन हुआ और अब पंचम केदार कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर भारी भूस्खलन हुआ है।
सोमवार देर रात ज्योतिर्मठ विकासखण्ड के पंच केदारों में पंचम केदार कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर देर रात भारी भूस्खलन होने से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है।
आसपास बने कमरे टिनसेड क्षतिग्रस्त
कल्पेश्वर मंदिर के सचिव लक्ष्मण नेगी ने बताया कि देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण मंदिर के ऊपर पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। इससे मंदिर परिसर के आसपास बने कमरे टिनसेड क्षतिग्रस्त हो गए और बड़ी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर में आ गया। घटना में मंदिर परिसर को काफी क्षति पहुंचने की जानकारी है।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। राहत की बात यह है कि भूस्खलन की इस घटना में किसी जनहानि नहीं है। घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी गई है।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि तहसील प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाएगा










