Uttarakhand News 18 Aug 2026: हल्द्वानी। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस के सघन चेकिंग अभियान में स्कूली वाहनों की लापरवाही सामने आई है। मंगलवार सुबह यातायात पुलिस की टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र में स्कूली बसों और अन्य वाहनों की जांच की तो कई चालक निर्धारित ड्रेस में नहीं मिले।
वहीं, कुछ स्कूली वाहनों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए। सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर यातायात पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।
मानक की अनदेखी न की जाए
एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पाण्डेय ने किया। टीम ने स्कूली वाहनों के दस्तावेजों के साथ ही बच्चों की सुरक्षा से जुड़े उपकरणों और निर्धारित मानकों की जांच की। चेकिंग के दौरान कई वाहनों में चालक निर्धारित ड्रेस में नहीं मिले। इसके अलावा कुछ वाहनों में बच्चों की निगरानी के लिए लगाए गए कैमरे काम नहीं कर रहे थे।
पुलिस ने इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वाहन चालकों के चालान किए। वाहन चालकों और स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े किसी भी मानक की अनदेखी न की जाए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्कूली वाहनों में कैमरे समेत अन्य सुरक्षा उपकरण केवल लगाए जाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका चालू हालत में होना भी जरूरी है।इसी तरह चालक और परिचालक का निर्धारित ड्रेस में होना भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है।
एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ लगातार चेकिंग और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










