Uttarakhand News 18 Aug 2026: मानसून के चरम पर पहुंचते ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बरसाती गधेरे लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। जिन गधेरों में सामान्य दिनों में पानी की एक बूंद तक नहीं रहती, वहीं बरसात में उफान पर आकर ग्रामीणों के रास्ते रोक रहे हैं।
दिगोली गांव में हालात ऐसे हैं कि लगभग 20 स्कूली बच्चों को रोज जान हथेली पर रखकर बरसाती गधेरे को पार कर राजकीय इंटर कालेज भेटा पहुंचना पड़ रहा है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बच्चे तेज बहाव के बीच गधेरे को पार करते दिखाई दे रहे हैं।
बच्चों को पार करना पड़ता है भनारी ग्वल बरसाती गधेरा
दिगोली गांव से राजकीय इंटर कालेज भेटा जाने वाले बच्चों को भनारी ग्वल बरसाती गधेरे को पार करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार यही रास्ता खेतों तक जाने के लिए भी उपयोग होता है। बरसात में गधेरा उफान पर आने के कारण स्कूली बच्चों के साथ किसानों को भी जान जोखिम में डालकर इसे पार करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में गधेरे में पानी नहीं रहता, इसलिए यहां पुलिया की जरूरत महसूस नहीं होती, लेकिन बारिश शुरू होते ही यही गधेरा सबसे बड़ी बाधा बन जाता है।
गधेरे को पार करते स्कूली बच्चों का वीडियो इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को प्रतिदिन इसी चुनौतीपूर्ण रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्राम प्रधान दिगोली दीपा देवी ने बताया कि गधेरे पर पैदल पुलिया निर्माण की मांग को लेकर वह कई बार क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत और विधायक से समस्या से अवगत करा चुकी हैं। बरसात में बच्चों की परेशानी को देखते हुए यहां तत्काल पैदल पुलिया का निर्माण कराया जाना जरूरी है।
कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने बताया कि भनारी ग्वल गधेरे में पुलिया निर्माण सीएम घोषणा के तहत प्रस्तावित है। पुलिया का निर्माण जल्द पूरा कराया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को गधेरा पार करने में परेशानी न हो।
जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो उनके संज्ञान में भी आया है। इसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिस गधेरे को बच्चे विद्यालय जाते समय पार कर रहे हैं, वह बरसाती गधेरा है। दूसरे गधेरे पर पुल बना हुआ है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।










