Uttarakhand News 19 Aug 2026: हरिद्वार के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां कांवड़ पटरी पर एक महिला की हत्या कर शव गंगनहर किनारे फेंक दिया।
महिला की पहचान कविता तोमर पत्नी अरविंद पवार निवासी नर रेशमपुर थाना कंकर खेड़ा जनपद मेरठ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। वहीं मामले में महिला की सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस जल्द मामले का खुलासा कर सकती है।
झाड़ियों में पड़ा था शव
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे गंगनहर पटरी से गुजर रहे राहगीरों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल को सील किया और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की शुरुआती जांच के दौरान मृतका के शव के पास ही कपड़ों से भरा एक थैला बरामद हुआ है। थैले की तलाशी लेने पर उसमें महिला के कपड़ों के साथ-साथ एक पुरुष की जींस और शर्ट भी मिली है। उन पर भी खून लगा हुआ था कपड़ों के थैले की बरामदगी से अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतका किसी परिचित व्यक्ति के साथ कहीं यात्रा पर निकली थी।
आशंका है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद साथ मौजूद व्यक्ति ने ही वारदात को अंजाम दिया और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पहचान और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने पटरी और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल का कहना है कि गंगनहर किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिला है जिसकी गला रेतकर हत्या की गई है।
पिछले माह भी दो महिलाओं की हुई थी हत्या
रुड़की: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में जिस स्थान पर महिला की हत्या कर शव फेंका गया है। उस स्थान पर दो महिलाओं की पिछले माह हत्या कर शव फेंके गए थे। एक मामला बहादराबाद थाना क्षेत्र का था, जिसमें विवाहिता की हत्या कर शव को गंगनहर में फेंक दिया था।
बहादराबाद पुलिस ने इस मामले का अनावरण किया था। हालांकि इस शव पर मुरादाबाद पुलिस ने भी दावा किया था। मुरादाबाद पुलिस ने भी एक आरोपित को रिमांड पर लेकर यहां पर आई थी, जिस पर आरोपित ने बताया था कि उसने हत्या कर शव को इसी स्थान पर फेंका था।










