Uttarakhand News 22 Aug 2026: उत्तराखंड के देहरादून में बाबा बर्फानी प्रकट हुए हैं। जिनके दर्शनों के लिए भक्त उमड़ रहे हैं। श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में युवा सेवा दल की ओर से बाबा अमरनाथ बर्फानी का भव्य शृंगार किया गया।
करीब 20 कुंतल बर्फ से भगवान श्री पृथ्वीनाथ महादेव का बाबा अमरनाथ बर्फानी के स्वरूप में शृंगार के दर्शन के लिए मंदिर में देर रात तक श्रद्धालुओं उमड़े।
सहारनपुर चौक स्थित मंदिर में सुबह पूजा अर्चना और जलाभिषेक के बाद शाम को शृंगार किया गया। मंदिर के गर्भगृह में बर्फ से भगवान श्री पृथ्वीनाथ महादेव का आकर्षक स्वरूप तैयार किया गया। इसके बाद सामूहिक शृंगार और आरती हुई। आरती के दौरान डमरू वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। दिगंबर दिनेश पुरी ने बताया कि सुरक्षा और व्यवस्था के लिए युवा सेवा दल के सदस्य जगह जगह तैनात रहे। इस मौके पर कान्हा कंसल, दिव्य गोयल, अर्णव, कार्तिक आदि मौजूद रहे।










