Uttarakhand News 22 Aug 2026: ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्रांतर्गत तपोवन के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण अत्यधिक पानी एवं मलबा आने से हुई दुर्घटना में लापता बीआरओ हवलदार का शव बरामद हुआ है।
गौरतलब है कि 10 अगस्त को नीती घाटी तमक में आपदा के दौरान बीआरओ का जवान लापता हो गया था। 12 दिन बाद गढ़वाल स्काउट आर्मी रैस्क्यू दल की खोजबीन के दौरान लापता पंकज सिंह का शव धौली गंगा भलागांव के पास मिला है । इसकी के साथ तमक में रेस्क्यू अभियान पूरा हो गया है।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
जिलाधिकारी चमोली ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। तहसीलदार ज्योतिर्मठ की रिपोर्ट के अनुसार, अतिवृष्टि के कारण तमक नाले में अत्यधिक पानी एवं मलबा आने से नाले पर स्थित पुल,मार्ग प्रभावित हुआ तथा आवागमन बाधित हुआ। मौके के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तमक नाले में आए मलबे एवं पानी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर नाले के बहाव में तीन वाहन प्रभावित हुए। इनमें सीमा सड़क संगठन की 123 इकाई के दो वाहन शामिल हैं, जबकि एक पिकअप,लोडर वाहन नाले के तेज बहाव में बह गया।
जिलाधिकारी ने परगना मजिस्ट्रेट,उप जिलाधिकारी ज्योतिर्मठ को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि में घटना की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
मजिस्ट्रियल जांच में दुर्घटना के कारणों, घटनाक्रम, प्रभावित वाहनों एवं लापता व्यक्ति से संबंधित समस्त तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं सुझावों को भी जांच रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि घटना की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच करते हुए 15 दिन के भीतर जांच आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।










