Uttarakhand News 27 Aug 2026: यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के दौरान रिश्वत लेने के आरोप में एसआई और एएसआई पर गाज गिरी है। नैनीताल रोड पर बिना हेलमेट बाइक सवार युवकों को रोकने के बाद चालान करने के बजाय उनसे रुपये लेने के मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी अजय गणपति ने एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह को निलंबित कर दिया है।

बुधवार को शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए यातायात पुलिस के साथ पुलिसकर्मी भी तैनात थे। इसी दौरान नैनीताल रोड पर एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह ने बिना हेलमेट बाइक सवार युवकों को रोक लिया। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने बाइक सवारों से बातचीत की और चालान करने के बजाय उन्हें जाने दिया।

बताया गया कि बातचीत के बाद बाइक सवार युवक ने पुलिस के बुलेट वाहन की डिग्गी में कुछ रुपये डाल दिए। इसके बाद एसआई वहां पहुंचे और बिना कोई कार्रवाई किए बुलेट लेकर चले गए। घटनाक्रम की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले की जांच कराई गई।

जांच के बाद यातायात निरीक्षक ने एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी अजय गणपति को भेजी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने बताया कि प्रकरण में दोनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।