Uttarakhand New 1 Sep 2026: बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप कार और डंपर की भीषण भिड़ंत में भाई-बहन की मौत के बाद कार की सुरक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद एयर बैग तो खुले लेकिन खुलते ही फट गए। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आगे की सीट पर बैठे भाई-बहन की जान चली गई।

वाहनों के आमने सामने की टक्कर में एयर बैग को महत्वपूर्ण जीवन रक्षक उपकरण माना जाता है। सामान्य परिस्थितियों में एयरबैग बेहद मजबूत सुरक्षा उपकरण होते हैं और इनके कपड़े तथा सिलाई को इस तरह डिजाइन किया जाता है कि टक्कर के दौरान तेजी से खुलकर यात्रियों को सुरक्षा दी जा सके। लेकिन मालाकुंठी में कार और डंपर की भीषण भिड़त में एयर बैग के यह दावे भी काम नहीं आए।

हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि कार की जांच में यह भी स्पष्ट किया जाना जरूरी होगा कि हादसे के बाद एयरबैग वास्तव में फटा था या तेज गति से खुलने के बाद किसी हिस्से से क्षतिग्रस्त हुआ। एयरबैग के खुलने के बाद उसका फटना और दुर्घटना के प्रभाव से उसका फट जाना अलग-अलग तकनीकी परिस्थितियां हो सकती हैं।