Uttarakhand New 3 Sep 2026: केदारनाथ धाम की यात्रा के दूसरे चरण में हेली सेवा से जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए टिकटों की आनलाइन बुकिंग सात सितंबर सुबह 11 बजे से शुरू होगी। यात्री heliyatra.irctc.co.in पर जाकर टिकट बुक करा सकेंगे।
दूसरे चरण के तहत केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं का संचालन 15 सितंबर से शुरू किया जाएगा। इससे उन श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, जो हवाई मार्ग से धाम पहुंचने की तैयारी कर रहे है। ये टिकट वही बुक करा सकते हैं जिन्होंने चारधाम यात्रा के लिए पहले ही पंजीकरण किया हुआ हो।
हेली सेवा का विशेष महत्व
चारधाम यात्रा में केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का विशेष महत्व है। पैदल मार्ग की अपेक्षा हेली सेवा से कम समय में धाम पहुंचने की सुविधा मिलने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसके लिए टिकट बुक करते हैं। दूसरे चरण की यात्रा को देखते हुए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था की जा रही है, ताकि यात्री घर बैठे टिकट प्राप्त कर सकें। अभी यह बुकिंग आगामी 15 दिनों के हेली टिकटों के लिए होगी।
टिकट बुकिंग के लिए श्रद्धालुओं को निर्धारित वेबसाइट पर जाकर उपलब्ध तिथि और सेवा के अनुसार बुकिंग करनी होगी। आनलाइन व्यवस्था के माध्यम से टिकट आवंटन होने से यात्रियों को बुकिंग के लिए अलग से काउंटरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होने के कारण टिकटों की उपलब्धता और बुकिंग का रिकार्ड भी आनलाइन रहेगा।
हेली टिकटों का किराया दोनों तरफ का
गुप्तकाशी से केदारनाथ व वापसी – 12762
फाटा से केदारनाथ व वापसी – 10164
सिरसी से केदारनाथ व वापसी – 6390
गौचर से बदरीनाथ के लिए भी हेली सेवा
यूकाडा ने गौचर से बदरीनाथ के लिए भी शटल हेली सेवा शुरू की है। इसका एक तरफ का किराया 11,000 रुपये होगा।










