Uttarakhand News 7 Sep 2026: हल्द्वानी बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में नौ सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इसके मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। संबंधित क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र की निगरानी बढ़ाने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी की है। संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखने के साथ ही किसी भी तरह की अफवाह या माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों का जोर इस बात पर है कि सुनवाई के दौरान क्षेत्र में शांति बनी रहे और किसी भी तरह की भीड़ या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। हालांकि अभी पुलिस-प्रशासन के पास आधिकारिक सूचना नहीं आई है। मामले से जुड़े सपा नेता और याचिकाकर्ता अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आए, सभी को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि फैसले के बाद न तो खुशी का प्रदर्शन किया जाए और न ही विरोध में ऐसा कोई कदम उठाया जाए, जिससे माहौल खराब हो। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने को कहा।