Uttarakhand News 26 Sep 2026: हल्द्वानी। कटघरिया में हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर गुरुवार रात तेज रफ्तार बाइक ने सब्जी का ठेला लेकर घर लौट रहे पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में 13 वर्षीय कपिल मौर्या की मौत हो गई, जबकि उसके पिता हरिशंकर मौर्या घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कपिल का पेट फट गया और उसकी आंतें बाहर आ गईं। पिता ने घायल बेटे को किसी तरह ऑटो में बैठाकर डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मूलरूप से बरेली के फरीदपुर निवासी हरिशंकर मौर्या कटघरिया में किराये पर रहकर बटाई पर खेती करते हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे वह 13 वर्षीय बेटे कपिल के साथ बाजार से सब्जी बेचकर ठेला लेकर घर लौट रहे थे।
कटघरिया के पास हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने ठेले में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों पर घायल पिता-पुत्र की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने का आरोप है।
परिजनों का कहना है कि दोनों सड़क पर मदद के लिए तड़पते रहे। हरिशंकर ने खुद बेटे को उठाया और ऑटो से अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।










