Uttarakhand News 28 Sep 2026: मुंबई की फिल्म एकेडमी में सिनेमेटोग्राफी का कोर्स करने गई हरिद्वार की युवती ने एकेडमी संचालक पर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने और फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि संचालक की पत्नी ने भी पति का साथ देते हुए युवती को धमकी दी। युवती की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला मुंबई से संबंधित होने के चलते एफआईआर को संबंधित थाना पुलिस को भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, युवती ने तहरीर में बताया कि अप्रैल 2018 में मुंबई स्थित एमडीएफए (मुंबई डिजिटल फिल्म्स एकेडमी) में एक वर्षीय सिनेमेटोग्राफी डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लिया था। इसके लिए उसने एकेडमी संचालक संजीव मोहापात्रा और उसकी पत्नी रश्मि रेखा मोहापात्रा को डेढ़ लाख रुपये फीस दी थी। आरोप है कि कोर्स के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने के कारण संजीव ने उससे नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं। आरोप है कि एक दिन शूटिंग के बहाने संजीव उसे अपने साथ ले गया। वहां खाना खाने के बाद वह बेसुध हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान संजीव ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद इन्हीं के जरिये उसे ब्लैकमेल कर बार-बार दुष्कर्म किया। आरोप लगाया कि हरिद्वार वापस आने के लिए फीस वापस मांगने पर गाली-गलौज कर उसे पीटा। आरोप है कि उससे 21 लाख की मांग की। रकम नहीं देने पर उसे व परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी। परेशान होकर वह कुछ समय पहले हरिद्वार लौट आई थी। अब उसे फिर से धमकी मिलने लगी। तब उसने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। घटनाक्रम मुंबई का होने के चलते रिपोर्ट वहां ट्रांसफर कर दी गई है।










