Uttarakhand News 29 Sep 2026: टनकपुर में धार्मिक पहचान छिपाकर नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि जब नाबालिग को युवक की वास्तविक धार्मिक पहचान का पता चला तो उसने उस पर मतांतरण कर मुस्लिम धर्म अपनाने और निकाह करने का दबाव बनाया। साथ ही फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी।

पीड़िता के स्वजन की तहरीर पर टनकपुर कोतवाली में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मनिहारगोठ निवासी निषाद खान (22) ने कथित तौर पर अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर नाबालिग से दोस्ती की और उसे प्रेम जाल में फंसाया।

आरोप है कि इसके बाद उसने नाबालिग से दुष्कर्म किया। घटना करीब डेढ़ वर्ष पुरानी बताई जा रही है। बाद में नाबालिग को आरोपित की वास्तविक धार्मिक पहचान के बारे में जानकारी हुई।

आरोप है कि पहचान सामने आने के बाद युवक ने नाबालिग पर मतांतरण कर मुस्लिम धर्म अपनाने और निकाह करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसकी फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप है।

मामले की जानकारी होने पर पीड़िता के स्वजन ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध बीएनएस की धारा 69, 78 व 351(2), उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल चेतन सिंह रावत ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक गुरविंदर कौर, हेड कांस्टेबल नवींद्र मेहरा, कांस्टेबल हितेंद्र वर्मा और शोभा शर्मा शामिल रहे।