Uttarakhand News 3 Oct 2026: बाराकोट मोटर मार्ग पर छमनिया स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में दोनों बाइकों में सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से घायलों को उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया।

तीन युवक गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार बाइक संख्या यूके 15 सी-9286 और एक बिना नंबर की बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हुई। हादसे में ककराली गेट, टनकपुर निवासी शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। शेखर निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में जेई के पद पर तैनात हैं।

उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया।दूसरी बाइक पर सवार कलीगांव निवासी मयंक और लोहाघाट ट्रेजरी के पास रहने वाले हिमांशु भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर किया गया।

जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर
स्थानीय निवासी मोहन सक्टा, प्रकाश चंद्र, गोलू पांडेय, गौरी शंकर और राजू ने घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। उप जिला अस्पताल में डा. नरेंद्र और डा. मानसी ने तीनों घायलों का उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों को गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए।