Uttarakhand News 9 Oct 2026: वार्ड नौ स्थित दुर्गा कालोनी नवाबी रोड निवासी छात्रा ने पीलिया के चलते दम तोड़ दिया। यही वही कालोनी है जहां लगभग एक महीने से लोग दूषित पानी आने का दावा कर रहे हैं।
बरेली में इलाज के दौरान छात्रा की मौत और कालोनी में ही दो और बच्चों को पीलिया होने की खबर लगते ही गुरुवार को जल संस्थान से लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम दौड़े-दौड़े कालोनी पहुंची और सैंपल लिए।
दरअसल दुर्गा कालोनी में अपनी बुआ के साथ रहने वाली गंगोलीहाट निवासी सुहानी पंत महिला महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह कुछ दिन पहले बीमार पड़ गई थीं। निजी लैब में जांच के बाद उन्हें पीलिया होने की पुष्टि हुई। इलाज में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तीन दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनकी मौत हो गई। सुहानी की बुआ की जेठानी खष्टी जोशी ने बताया कि घर पर लंबे समय से गंदा पानी आ रहा था। इस कारण वह बीमार पड़ गई। उन्होंने बताया कि सुहानी के परिवार वाले उनका शव लेकर गंगोलीहाट लेकर चले गए हैं।
इधर, दुर्गा कालोनी में दो और बच्चों को भी पीलिया हुआ है। कालोनी निवासी राजेश कटारिया का बेटा बेस अस्पताल से डिस्चार्ज हो गया है जबकि आशीष रौतेला को अपने बेटे का इलाज दिल्ली में कराना पड़ा। इसकी जानकारी मिलते ही गुरुवार को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली, सहायक अभियंता रविंद्र कुमार, कनिष्ठ अभियंता दीपक शर्मा समेत अन्य दुर्गा कालोनी पहुंचे। उन्होंने मौके से जांच के लिए पानी के सैंपल लिए और पेयजल आपूर्ति रोक दी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की 31 लोगों की जांच
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी ब्लाक डा. ममता सिंह के नेतृत्व में एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर सर्वेक्षण किया। इस दौरान 31 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में पेयजल के सैंपल लेकर क्लोरीनेशन की जांच की, जिसमें सभी सैंपल सही पाए गए। तीन सैंपल विस्तृत जांच के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजे गए।
इस मोबाइल नंबर पर करें संपर्क
जिला सर्विलांस अधिकारी डा. मनोज कांडपाल ने कहा कि जलजनित रोग, डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर-बोर्न रोगों की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस तरह का मामला सामने आने पर मोबाइल नंबर 9410119773 पर संपर्क कर शिकायत करें।
लोग बोले- रोज सुबह आ रहा गंदा पानी
दुर्गा कालोनी में सुबह के समय नलकूप से और शाम को गौला की लाइन से पेयजल आपूर्ति होती है। लगभग 120 की आबादी वाली दुर्गा कालोनी के लोगों ने बताया कि सुबह के समय जब नलकूप से पानी की आपूर्ति होती है तब शुरुआत में 10 से 15 मिनट तक गंदा पानी आ रहा है। वे पानी उबालकर पी रहे हैं। लोगों ने शिकायत की कि यह समस्या लगभग एक महीने से बनी हुई है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है।
गंदे पानी की समस्या के चलते मेरा बेटा तीन अक्टूबर को पीलियाग्रस्त हो गया था। इसके बाद उसे बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। – राजेश कटारिया, दुर्गा कालोनी
लगभग एक महीने से कालोनी में गंदा पानी आ रहा है। इस पानी से बदबू भी आ रही है। हमें डर है कि घर पर किसी की तबीयत न बिगड़ जाए। – बीएस बिष्ट, दुर्गा कालोनी
इतना गंदा पानी आ रहा है कि उबालने के बाद भी इसे पीने में डर लग रहा है। अब तो कालोनी में लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। – गंगा पांडे, दुर्गा कालोनी
पूरे वार्ड में सिर्फ इसी कालोनी में गंदा पानी आ रहा है। इसकी शिकायत संबंधित विभागों को दी गई। दुखद है कि कालोनी में एक मौत हो गई। – राजेंद्र जीना, पार्षद
बुधवार रात क्षेत्र से शिकायत मिली, गुरुवार को मौके का निरीक्षण किया। भौतिक आधार पर पानी में किसी प्रकार का संदूषण नहीं मिला। बैक्टीरिया जांच के लिए सैंपल इकट्ठा किए गए हैं। – आरएस लोशाली, ईई, जल संस्थान










