Uttarakhand News 12 Oct 2026: अधिक उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण बैंक तक पहुंचने में असमर्थ 80 वर्ष और इससे अधिक आयुवर्ग के बुजुर्ग पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए उत्तराखंड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पहल की है।
रविवार को रायपुर रोड स्थित दुल्हनी के गढ़वाल भ्रातृ मंडल परिसर में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी 5.0) शिविर में 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के पेंशनरों को घर बैठे प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा की जानकारी दी गई।
80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को डिजिटल सुविधा की दी जानकारी
एसोसिएशन के अध्यक्ष बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि केंद्र सरकार की डिजिटल सुविधा के माध्यम से पेंशनर मोबाइल ऐप की मदद से घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इससे अधिक उम्र, खराब स्वास्थ्य या चलने-फिरने में परेशानी के कारण बैंक जाने में असमर्थ वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिल सकती है।
नवंबर में सीजीएचएस डिस्पेंसरियों में भी शिविर लगाने का प्रयास
बलवीर सिंह ने बताया कि नवंबर में सीजीएचएस डिस्पेंसरियों में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पेंशनर इसका लाभ उठा सकें। महासचिव आरडी सेमवाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक से वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन संबंधी सेवाओं को सरल और सुलभ बनाया जा सकता है।
शिविर में भारतीय स्टेट बैंक के उपप्रबंधक उमेश चंद्र जोशी, एसोसिएशन के संरक्षक तिलक राज शर्मा, उपाध्यक्ष एचएस काला, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार उनियाल, राजेंद्र प्रसाद शास्त्री, गणेश कोठारी आदि मौजूद रहे।










