Uttarakhand News 17 Oct 2026: हल्द्वानी। विधायक सुमित हृदयेश की फोन टैपिंग और लोकेशन ट्रैक किए जाने की आशंका से जुड़े मामले में जांच के दौरान नया तथ्य सामने आया है।

विधायक ने पिछले साल जिन दो लोगों के विरुद्ध संलिप्तता का संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी, जांच में उनमें हल्द्वानी निवासी व्यक्ति उनका बेहद करीबी निकला।

एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी के अनुसार विधायक सुमित हृदयेश ने पिछले साल पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें हल्द्वानी और नोएडा निवासी दो व्यक्तियों के नाम शामिल थे। विधायक का आरोप था कि हल्द्वानी निवासी व्यक्ति ने दिल्ली में उनकी मुलाकात नोएडा निवासी युवक से कराई थी।

युवक की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। तहरीर के मुताबिक विधायक ने अपना मोबाइल फोन युवक को यह जांचने के लिए दिया था कि फोन टेप तो नहीं हो रहा है। विधायक ने पुलिस को बताया था कि कुछ दिन बाद फोन वापस मिलने पर उन्हें उसकी लोकेशन ट्रैक किए जाने का संदेह हुआ।

इसके बाद उन्होंने दोनों व्यक्तियों की भूमिका संदिग्ध मानते हुए मामले की जांच कराने के लिए तत्कालीन एसएसपी को तहरीर दी थी, जिसकी पुलिस और खुफिया विभाग ने अपने-अपने स्तर से जांच की। इसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि जिनका नाम तहरीर में है वह विधायक के करीबी ही हैं।

विधायक तहरीर देंगे तो फिर होगी जांच
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच कराई। इसमें हल्द्वानी निवासी व्यक्ति विधायक का बेहद करीबी पाया गया। हालांकि, जांच में फोन टेप होने या लोकेशन ट्रैक किए जाने जैसी बातों की पुष्टि नहीं हुई।

बताया कि कोतवाल, एलआइयू प्रभारी भी विधायक से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेंगे, इसके बाद अगर विधायक कोई शिकायती पत्र देते हैं तो उसकी भी जांच की जाएगी।