Uttarakhand News 29 Oct 2026: चंपावत। मां पूर्णागिरि कालेज आफ एजुकेशन चंपावत जल्द ही विश्वविद्यालय बन जाएगा। उत्तराखंड विधानसभा ने मां पूर्णागिरि कालेज आफ एजुकेशन को विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। नए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना से संबंधित यह विधेयक राज्यपाल की मंजूरी के बाद काूनन बन जाएगा।
मां पूर्णागिरि कालेज आफ एजुकेशन की स्थापना 2012 में चंपावत के खर्ककार्की में बाराकोट क्षेत्र निवासी डा. केएस अधिकारी ने की थी। एक वर्ष पूर्व इसे टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक जूप क्षेत्र में शिफ्ट किया गया।
विधानसभा में विश्वविद्यालय स्थापित करने का विधेयक पारित होने के बाद राज्यपाल की स्वीकृति के बाद अब यह कालेज, विश्वविद्यालय बन जाएगा। चंपावत ही नहीं, कुमाऊं के चारों पर्वतीय जिलों में स्थापित इस पहले विश्वविद्यालय का लाभ शैक्षणिक रूप से कटे इस जिले के साथ दूरदराज और संसाधनों की कमी से जूझ रहे छात्र-छात्राओं को मिलेगा।
मां पूर्णागिरी विश्वविद्यालय में 2027-28 की शिक्षा सत्र से विधि स्नातक की पढ़ाई भी शुरू करने की तैयारी है। इसी सत्र से होटल मैनेजमेंट के अलावा बीबीए, बीसीए, बीए, बीकाम एवं बीएससी भी संचालित होगा।
फिलहाल कालेज में बीएड, बीएससी, नर्सिंग, जीएनएम एवं योग विज्ञान का पाठ्यक्रम चल रहा है। डा. केएस अधिकारी ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।
कहा कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तायुक्त शिक्षा के अलावा रोजगारपरक विषयों का शिक्षण एवं शोध कार्य को भी कराया जाएगा। स्नातक, स्नातकोत्तर के साथ-साथ पीएचडी और अन्य बड़े शोध कार्यक्रम सीधे अपने विभागों के माध्यम से चलाए जा सकेंगे।










