Uttarakhand News 10 Nov 2026: उत्तरकाशी। चारधामों में शीतकाल के लिए कपाटबंदी की शुरुआत मंगलवार को गंगोत्री धाम से होगी। अन्नकूट (गोवर्धन पूजा) के पावन पर्व पर दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर अमृत बेला और अभिजीत मुहूर्त में मां गंगा के मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद आगामी छह माह तक श्रद्धालु मां गंगा की पूजा-अर्चना व दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा स्थित गंगा मंदिर में कर सकेंगे।
कपाटबंदी को लेकर गंगोत्री धाम में धार्मिक परंपराओं के अनुसार तैयारियां की गई हैं। इसके लिए दीपावली से पूर्व ही गंगोत्री धाम स्थित गंगा मंदिर को करीब पांच क्विंटल फूलों से सजाया गया है। वहीं, मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखवा गांव में भी उनके आगमन को लेकर ग्रामीण उत्साहित हैं।
यहां सोमवार को पूरे मार्ग की विशेष रूप से साफ-सफाई की गई। कपाटबंदी के बाद मां गंगा की उत्सव डोली आर्मी बैंड की धुन और हजारों श्रद्धालुओं के साथ शीतकालीन प्रवास मुखबा के लिए प्रस्थान करेगी।
इस दौरान रात्रि विश्राम मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर में होगा, जहां पर मां गंगा की उत्सव डोली यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं प्रसाद आदि की व्यवस्था की जायेगी। श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि मंगलवार को कपाटबंदी से पूर्व मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना की जायेगी।
दोनों धामों में मनाई गई दीपावली
कपाटबंदी से पूर्व गंगोत्री धाम सहित यमुनोत्री धाम में दीपावली का पर्व भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान गंगोत्री धाम परिसर में मंदिर समिति व श्रद्धालुओं ने पांच हजार से अधिक दीप जलाये। वहीं, यमुनोत्री धाम में विशेष भजन-कीर्तन संध्या का आयोजन किया गया।










