Uttarakhand News 13 Nov 2026: छठ पर्व मनाने के लिए पूर्वांचल के लोगों की भारी भीड़ स्टेशन पर उमड़ पड़ी। ट्रेन के स्टेशन पर आते ही यात्रियों में सीट पाने के लिए भगदड़ व अफरा-तफरी मच गई। हर कोई सीट पाने के लिए डिब्बों की ओर दौड़ पड़ा। ट्रेन के प्लेट फार्म पर लगते ही जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियाें में धक्का मुक्की हो गई।

निर्धारित समय पर रवाना हुई यात्रियों से पैक ट्रेन
सुरक्षा के लिहाज से आरपीएफ और जीआरपी पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। लेकिन अनियंत्रित भीड़ को काबू करने में जवानों के पसीने छुट गए। ऐसे में पूरा स्टेशन भीड़ व भगदड़ में तब्दील हो गया। आरपीएफ-जीआरपी के जवानों ने स्थिति को संभालते हुए महिलाओं व युवतियों को सुरक्षित सीटों तक पहुंचाया। उधर, यात्रियों से पैक ट्रेन निर्धारित समय पर रवाना हुई।

गुरुवार को दून से गोरखपुर जाने वाली राप्ती गंगा एक्सप्रेस ने जैसे ही करीब 2: 15 बजे स्टेशन में प्रवेश किया तो पूर्वांचल व बिहार के यात्रियों ने जनरल कोच में सीट पाने के लिए दौड़ लगा दी। सीट पाने की आपाधापी में स्टेशन पर हर ओर भगदड़ मच गई। जिसे जहां से रास्ता मिला वह कोच में घुस गया।

कोच की खिड़कियों पर भारी भीड़ को देख यात्रियों ने विंडो से घुसने में भी परहेज नहीं किया। हर कोई कोच में घुसने व सीट पाने की जद्दोजहद में लगा रहा। वहीं,यात्रियों को भगदड़ व घटना से बचाने के लिए जीआरपी-आरपीएफ के जवान दौड़ लगाते रहे।

यात्रियों के बीच फंसी कई महिलाओं व युवतियों को जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित कोच व सीटों तक पहुंचाया। देखते ही देखते ट्रेन के कोच पूरी तरह से पैक हो गई। जिसके बाद ट्रेन निर्धारित समय करीब 3:15 पर गोरखपुर के लिए रवाना हो गई।