Uttarakhand News 13 Nov 2026: उत्तराखंड में देहरादून हवाई अड्डे के पास गुरुवार तड़के एक हाथी ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया और अपने पैर से कुचलने की कोशिश की। हालांकि, हाथी के वहां से जाने के बाद व्यक्ति उठकर अपनी मोटरसाइकिल लेकर चला गया।

यह घटना देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर तड़के तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पेट पर पैर रखकर कुचलने की कोशिश
वीडियो में देहरादून वन प्रभाग की थानों वन रेंज के विडालना वन कक्ष से निकला हाथी बुलेट मोटरसाइकिल पर जा रहे व्यक्ति को गिराता और उसके पेट पर पैर रखकर उसे कुचलने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।

टूटी रेलिंग से वापस जंगल की ओर चल पड़ा हाथी
घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर हाथी सड़क किनारे टूटी रेलिंग के पास से वापस जंगल की ओर चला गया। हाथी के वहां से जाने के बाद व्यक्ति उठ खड़ा हुआ और अपनी मोटरसाइकिल लेकर चला गया।

शिव शर्मा नाम के एक व्यक्ति ने यह वीडियो अपने फेसबुक खाते पर साझा किया है। हालांकि, अब तक पीड़ित व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।

ऋषिकेश के उप प्रभागीय वनाधिकारी उदय नयन गौड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना का वीडियो वन विभाग के संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और अगर पीड़ित को आर्थिक सहायता की आवश्यकता होगी तो नियमानुसार मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

उत्तराखंड में राजाजी बाघ अभयारण्य की बाहरी सीमा से सटे आबादी वाले इलाकों में तेंदुओं, हाथियों और भालुओं की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हुई है जिसके मद्देनजर वन विभाग वन्यजीवों की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों से लगातार अपील करता रहा है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही सूर्यास्त से सूर्योदय के बीच घरों से बाहर निकलें।

हालांकि, इसके बावजूद मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आती रहती हैं।