Uttarakhand News 13 Nov 2026: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। एक ओर अंकिता के माता-पिता दो बार दिल्ली में धरना प्रदर्शन कर वीआईपी को लेकर जांच आगे बढ़ाने और दुष्यंत गौतम को सिक्किम से राज्यपाल पद से हटाने की मांग कर रहे हैं, दूसरी ओर उत्तराखंड में भाजपा विधायक दलीप सिंह रावत ने बयान देकर विवाद को हवा दे दी है। विधायक ने कहा कि अगर अंकिता के माता पिता को इंसाफ चाहिए तो मुआवजा लौटा देना चाहिए। कांग्रेस भाजपा विधायक के इस बयान पर भड़क गई है। हरक सिंह रावत ने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा इतनी गिर जाएगी, किसी ने सोचा नहीं था।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर लैंसडाउन से भाजपा विधायक दलीप सिंह रावत ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर उस महिला के साथ है, जिसके साथ नाइंसाफी हुई है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी केस में तीन आरोपियों को सजा हो चुकी है। सीबीआई जांच भी चल रही है, लेकिन अगर अंकिता के माता-पिता सरकार द्वारा की गई कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं, तो उन्हें मुआवजा लौटा देना चाहिए।
अंकिता प्रकरण पर भाजपा विधायक के बयान से राजनीति गरमा गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन्हें इतना यकीन नहीं था कि भाजपा इतना गिर जाएगी। सवाल उठाया कि क्या मुआवजा देने से किसी को खरीदा जा सकता है। उनके बयान से यही मतलब समझ में आता है कि मुआवजा दे दो और अब मुंह मत खोलो।
अंकिता हत्याकांड, भ्रष्टाचार पर भाजपा सरकार को घेरा
पौड़ी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष हस्ताक्षर अभियान के तहत गुरुवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अभियान चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और प्रदेश सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आमजन से हस्ताक्षर कराए। अभियान के माध्यम से कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
गुरुवार को आयोजित अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर प्रदेशभर में लोगों की आवाज उठ रही है। वहीं, प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी जनता के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्टी का कहना है कि इन मुद्दों पर जनभावनाओं को एकजुट करने और सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
धामी की कांग्रेस को नसीहत-अंकिता हत्याकांड को अपनी राजनीतिक वापसी की सीढ़ी न बनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कांग्रेस का नाम लिए बिना उसे अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे संवेदनशील मामले को अपनी ‘राजनीतिक वापसी की सीढ़ी’ न बनाने की नसीहत देते हुए कहा कि लोग अच्छी तरह से जानते हैं कि परिवार के आंसुओं के सामने राजनीतिक नारे बहुत छोटे पड़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि घटना सामने आने के 24 घंटों के भीतर तीनों आरोपियों की गिरफ़्तारी की गयी, उसके बाद तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन हुआ जिसने एक साल तक जांच की और तीनों आरोपियों को उम्रकैद की सजा हुई ।










