Uttarakhand News 14 Nov 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पेयजल व्यवस्था और आपदा राहत कार्यों के साथ कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की। इसमें हरिद्वार में कुंभ से जुड़ी अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है।
सड़क कार्यों के तहत अल्मोड़ा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मरचूला-स्याल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ और रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग के चौड़ीकरण व डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन मदों पर धनराशि मंजूर
पौड़ी जिले के कोटद्वार में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर 7.29 करोड़, चौबट्टाखाल में फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मार्ग के पुनर्निर्माण पर 36.12 लाख और बागेश्वर के कपकोट में रिखाड़ी-बाछम मार्ग के सुधारीकरण पर 9.86 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
हरिद्वार में बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टरों में अस्थायी पाइपलाइन, स्टैंड पोस्ट, पीवीसी टैंक, जल संयोजन और वाटर फिल्टर सहित पेयजल व्यवस्था के लिए 3.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कुंभ मेला-2027 के तहत हरिद्वार में वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो के साथ म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना के लिए 4.43 करोड़, भीमगोड़ा के सौंदर्यीकरण के लिए 3.43 करोड़ और शिवमूर्ति चौक से आर्यनगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास के लिए 7.35 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा ऊधमसिंह नगर में प्राकृतिक आपदा प्रभावितों को राहत एवं अनुग्रह सहायता देने के लिए 18 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।










