Uttarakhand News 16 Nov 2026: देहरादून। राजधानी में साइबर ठगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ऑनलाइन भुगतान और बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल करने वाले लोग साइबर अपराधियों के निशाने पर हैं। ताजा मामलों में साइबर ठगों ने दो लोगों के बैंक खातों से कुल 4.05 लाख रुपये की रकम उड़ा ली। पीड़ितों की शिकायत पर वसंत विहार और राजपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में विजय पार्क, बल्लूपुर रोड निवासी 64 वर्षीय जसपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका इंडियन ओवरसीज बैंक में खाता है। पांच नवंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से 1.31 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए।
पीड़ित के मुताबिक, उन्हें शुरुआत में इस लेनदेन की जानकारी नहीं हुई। बाद में खाते से रकम निकलने का पता चलने पर उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
दूसरे मामले में सहस्रधारा रोड निवासी चंद्र प्रकाश शर्मा ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह मोबाइल भुगतान के लिए पेटीएम एप का इस्तेमाल करते हैं।
भुगतान में परेशानी होने पर वह 27 सितंबर को बैंक पहुंचे, जहां जांच में पता चला कि 19 सितंबर को उनके तीन खातों से कुल 2.73 लाख रुपये की निकासी हुई है। पीड़ित का कहना है कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना यह ट्रांजेक्शन किए गए।










