Uttarakhand News 17 Nov 2026: हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को प्राध्यापकों ने कार्य बहिष्कार किया। बता दें कि, एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी की छात्रा ने एक प्राध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था और इसकी शिकायत पॉश कमेटी से की थी। सोमवार को मामला उजागर होते ही छात्रा के सहपाठियों ने कॉलेज परिसर में प्राध्यापक को घेरकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर प्राध्यापक को छात्रों के चुंगल से छुड़ाया और आरोपी शिक्षक व छात्रा को कोतवाली ले गई। शिक्षक ने माफी मांगी, जिसके बाद छात्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इस घटना के विरोध में महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने आज कार्य बहिष्कार किया और शिक्षक के खिलाफ लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।









