Uttarakhand News 10 Mar 2026: राम पर्वत पर लगी आग सोमवार को तीसरे दिन भी नहीं बुझाई जा सकी है। आग अब संरक्षित वन क्षेत्र की ओर फैल गई है। रविवार देर शाम जंगल की आग सीआईएसएफ के कार्यालय और एचसीसी कंपनी के अस्त्र-शस्त्र रखने के भंडार (एमुनेशन भंडार) के पास पहुंच गई थी। इससे वहां अफरा तफरी की स्थिति हो गई। गोपेश्वर से अग्निशमन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को कार्यालय व भंडार तक आने से रोक दिया।

पीपलकोटी के ठीक सामने राम पर्वत पर शनिवार देर शाम को अचानक आग लग गई। सोमवार को भी दिनभर यहां आग भड़की रही। आग से लाखों की वन संपदा जलकर नष्ट हो गई है। राम पर्वत का बहुत बड़ा हिस्सा जल गया। यहां सीआईएसएफ (सुरक्षा एजेंसी) का कार्यालय और टीएचडीसी की कार्यदायी संस्था एचसीसी के अस्त्र-शस्त्र रखने का भंडार (एमुनेशन भंडार) भी है।

रविवार देर शाम को आग कार्यालय और भंडार के पास पहुंच गई। सीआईएसएफ के जवान आग बुझाने में जुट गए लेकिन आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। इसकी सूचना अग्निशमन कार्यालय गोपेश्वर को दी गई। अग्निशमन की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। पानी की बौछार करके आग को कार्यालय के नजदीक आने से रोका। जहां तक दमकल का पाइप गया वहां तक आग बुझ गई। अन्य जगह पर फायर लाइन काटकर आग को नजदीक आने से रोका गया।

इस दौरान वहां अफरातफरी की स्थिति बनी रही। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की गोपेश्वर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी भरत सिंह नेगी का कहना है कि आग संरक्षित वन क्षेत्र में हुंच गई है। वन कर्मियों की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं।