Uttarakhand News 12 February 2024: रुद्रपुर से एक खबर सामने आ रही है। रुद्रपुर में 22 साल की महिला अपने घर पर फंदे पर लटकी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

रुद्रपुर में संदिग्ध परिस्थितियाें में एक महिला अपने घर पर फंदे पर लटकी मिली। अंदेशा जताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया है।

जानकारी के अनुसार, भूतबंगला में रहने वाली रजनी के साथ उसकी बेटी अनीता (22) अपने दो बच्चों अभी और वैष्णवी के साथ रहती थी। रजनी घरों में झाडू बर्तन का काम करती है। अनीता की शादी ग्राम चुरई थाना मीरगंज बरेली निवासी महेंद्र के साथ हुई थी। लेकिन पति और ससुरालियों से अनबन के चलते अनीता तीन साल से अपनी मां के साथ रह रही थी। सोमवार की सुबह अनीता की मां घर के गेट पर ताला लागाकर चाबी अंदर मौजूद अनीता को देकर गई थी। अनीता के दोनों बच्चे स्कूल गए थे। कुछ समय बाद जब रजनी काम से लौटी तो काफी देर आवाज देने के बाद भी अनीता ने गेट नहीं खोला। संदेह होने पर रजनी पड़ोसी के घर से सीढ़ी के सहारे घर में गई तो कमरे में फंदे पर अनीता लटकी हुई थी। अनीता को फंदे पर लटका देख रजनी की चीख निकल गई।

इस दौरान घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना पर सीओ सिटी निहारिका तोमर ने पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मृतका का एक भाई है, जो कारीगर का काम करता है। सीओ ने बताया कि महिला अपने पति से अलग रह रही थी। घर पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्ट्रया मामला आत्महत्या का लग रहा है।