Uttarakhand News, 15 February 2023: Dehradun| पुलिस का दावा है कि बेरोजगारों के आंदोलन के दौरान उपद्रव करने वालों को फंडिंग भी की गई थी। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है। जिसका यह खाता है वह दूसरे राज्य का रहने वाला है। जबकि, फोटो और वीडियो के आधार पर 10 पत्थरबाजों को चिन्हित कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार आंदोलन में कुछ बाहरी तत्व शामिल हो गए थे। जल्द ही इनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी। बता दें कि नौ फरवरी को बेरोजगारों के आंदोलन में हुए उपद्रव की मुकदमे के बाद कई दिशाओं में जांच चल रही है। कुछ बाहरी तत्वों ने युवाओं को बहकाया और फिर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से रिकॉर्ड की गई वीडियो से पुलिस ने कुछ संदिग्धों के फोटो बनवाए हैं।

पुलिस कप्तान डीआईजी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि इन फोटो का पोस्टर बनवाकर शहर की गलियों में चिपकाए जाएंगे। ताकि, जल्द से जल्द पत्थर फेंकने वालों की पहचान हो सके। अभी तक सोशल मीडिया के माध्यम से 10 पत्थरबाजों की पहचान पुलिस ने कर ली है।

इसी क्रम में एक बैंक खाता नजर में आया था। इस बैंक खाते से कुछ रकम संदिग्ध पत्थरबाजों के खातों में ट्रांसफर की गई। एक साथ कई खातों में यह पैसा ट्रांसफर हुआ है। इस खाते को तत्काल प्रभाव से फ्रीज करा दिया गया है। कप्तान ने बताया कि अन्य खातों की भी जांच की जा रही है।

जांच में सामने आया है कि कुछ कोचिंग सेंटर वालों ने अपने सोशल मीडिया ग्रुप पर मैसेज कर युवाओं की भीड़ को गांधी पार्क के सामने आने को कहा था। इन सब सोशल मीडिया ग्रुप और नंबरों की जांच भी की जा रही है। कई को चिन्हित भी किया जा रहा है।

Go back

Your message has been sent

Warning
Warning
Warning
Warning