Uttarakhand News 24 Feb 2026: (देहरादून)। सुसवा नदी पर बन रहे सत्तीवाला-बुल्लावाला पुल निर्माण की सुस्त गति पर लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कंपनी पर 1.49 करोड़ रुपये का जुर्माना (लिक्विडेटेड डैमेजेस) लगाया है।

पुल का निर्माण कार्य चार अक्टूबर 2024 को प्रारंभ किया गया था। इसे चार अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाना था।

अब तक करीब 50 प्रतिशत ही काम हो पाया है। काम पूरा करने के लिए कंपनी अक्टूबर तक का समय मांग रही थी।

पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग हरिद्वार की देखरेख में आरसीसी डेवलपर्स लिमिटेड मेरठ की ओर से किया जा रहा है।

वर्ल्ड बैंक की ओर से उत्तराखंड डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस रेजिलियेंस प्रोजेक्ट के तहत पुल निर्माण के लिए 17.58 करोड रुपये की धनराशि दी गई थी।

पूर्व में पुल के डिजाइन को लेकर मतभेद और बाद में विभिन्न कारणों से लगातार इस पुल निर्माण में देरी होती रही।

किसी तरह चार अक्टूबर 2024 में काम शुरू हुआ। उसके बाद भी निर्माण कार्य की गति सुस्त गति से चलती रही। यह सब देखते हुए भी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने चुप्पी साधे रखी।