Uttarakhand News 22 July 2025:सावन के सोमवार और शिवरात्रि से पहले नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का रैला उमड़ पड़ा। मोटर मार्ग से लेकर पैदल मार्ग कांवड़ यात्रियों से पैक रहा।
नीलकंठ पैदल मार्ग पर कांवड़ यात्रियों की भीड़ के चलते लोग एक इंच भी आगे नहीं खिसक पा रहे थे। पैदल मार्ग को छोड़कर जिसे जहां से जगह मिल रही थी वह आगे निकल रहा था।
नीलकंठ मोटर मार्ग पर भी पुलिस को दिन भर में छह से अधिक बार वाहन गरुडचट्टी में रोकने पड़े। शाम छह बजे तक नीलकंठ महादेव मंदिर में करीब छह लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया था।
23 जुलाई को शिवरात्रि पर कांवड़ यात्री अपने क्षेत्र के शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। इससे पहले शिवभक्त नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर अपने आराध्य देव को जल चढ़ाते हैं।
सावन का सोमवार होने और शिवरात्रि से पहले नीलकंठ में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जितने कांवड़ यात्री जलाभिषेक और दर्शन कर लौट रहे थे, उतने ही जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे थे। दोपहिया सवार डाक कांवड़ यात्रियों के साथ ही पैदल यात्री भी पहुंचे।
बड़ी डाक कांवड़ ऋषिकेश और मुनिकीरेती में अलग-अलग पार्किंग में खड़ी करने के बाद वह पैदल मार्ग से नीलकंठ के लिए निकले। दोपहर तक पैदल मार्ग की स्थिति यह हो गई थी कि लोग एक इंच भी आगे नहीं खिसक पा रहे थे।
पैदल मार्ग संकरा है और यहां आने-जाने वाले लाखों की भीड़ जमा हो गई। जिसको पैदल मार्ग के आसपास से जो जगह मिल रही थी वह वहां से आगे निकलने का प्रयास करता रहा। पुंडारासू में जबदरस्त भीड़ होने के कारण थानाध्यक्ष लक्ष्णझूला संतोष पैथवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गई।
वहीं, नीलकंठ मोटर मार्ग पर भी भारी भीड़ रही। नीलकंठ मार्ग को जाम से बचाने के लिए पुलिस ने दिन में करीब छह बार गरुडचट्टी में दोपहिया वाहन सवार डाक कांवड़ यात्रियों को 10 मिनट से लेकर आधे घंटे तक रोका।
नीलकंठ से आने वालों की संख्या कम हुई तो फिर दोपहिया वाहन छोड़े गए। पिछले 24 घंटे में लगातार नीलकंठ मोटर मार्ग पर डाक कांवड़ यात्रियों का आवागमन बना हुआ है।
लक्ष्मणझूला थाने के यातायात प्रभारी अमित भट्ट ने बताया कि नीलकंठ में भीड़ बढ़ने पर गरुडचट्टी पुल पर वाहन रोके जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष पैथवाल ने बताया कि सोमवार को शाम चार बजे तक करीब छह लाख श्रद्धालुओं ने नीलकंठ में जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 48.31 लाख कांवड़ यात्री जलाभिषेक कर चुके हैं।
पौड़ी पुलिस ने ड्रोन से रखी नजर
नीलकंठ क्षेत्र में भारी भीड़ के बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी। एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने भी कांवड़ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुंडरासू में पुलिस ने खासतौर से नजर रखी। वहीं, एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल ने भी मुनिकीरेती, ढालवाला, तपोवन, नीर गड्डू में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंगलवार शाम तक मेला क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों की संख्या कम होने का अनुमान है।