Uttarakhand News 4 July 2026: फूड कंपनी की ई-मेल आइडी हैक कर बैंक खाते की जानकारी बदल दी। जिसके बाद जब चेन्नई के ग्राहक ने कंपनी के खाते में 4.20 लाख की धनराशि डाली तो वह हैकर के खाते में चली गई।

इसका पता चलते ही कंपनी स्वामी ने पंतनगर थाना पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरा खाता नंबर दर्ज
पुलिस के अनुसार, पंतनगर, ओमेक्स रिवेरा निवासी एवं हरिओम बायोफूड प्रोडक्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संचालक कपिल सुखीजा ने बताया कि उनकी कंपनी को चेन्नई स्थित जीटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से माल का आर्डर प्राप्त हुआ था। जिसका भुगतान 4.20 लाख रुपये उनकी कंपनी के एसबीआई बैंक खाते में आनी थी।

आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कंपनी की ई-मेल आईडी हैक कर एसबीआई बैंक खाते के स्थान पर आईडीबीआई बैंक का दूसरा खाता नंबर दर्ज कर दिया।

इसके बाद जीटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने 26 जून 2026 को अपने कोटक महिंद्रा बैंक खाते से 4.20 लाख रुपये की धनराशि डाली। जो हैकर के संशोधित बैंक खाते में ट्रांसफर हो गए। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि कंपनी स्वामी की तहरीर पर अज्ञात हैकर पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है। जांच की जा रही है, साथ ही बैंक खाता धारक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।