Uttarakhand News 13 Mar 2026: नैनीताल रोड स्थित चौपाटी में सार्वजनिक रूप से भिड़ने वालीं दोनों व्लॉगर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट की पूरी रात हवालात में बीती। दोनों तकरीबन 23 घंटे तक हवालात में रहीं। बृहस्पतिवार शाम उन्हें शांतिभंग मामले में चालान करने के बाद जमानत दी गई। काठगोदाम के एसओ विमल मिश्रा ने बताया कि बुधवार शाम चौपाटी बाजार में व्लाॅगर सुनीता भट्ट और ज्योति अधिकारी भिड़ गईं। सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ अभद्र टिप्पणी के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और नौबत मारपीट तक आ गई। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद महिला पुलिस को धक्का भी दिया। ऐसे में उन्हें शांतिभंग की आशंका में पकड़ा गया। उन्हें पूरी रात महिला सिपाहियों की देखरेख में हवालात में रखा गया था। जमानत होने पर दोनों को सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया।

बीच सड़क पर अराजकता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं है। सोशल मीडिया पर आपस में वे क्या कर रही हैं इससे कोई मतलब नहीं है लेकिन अगर शांति व्यवस्था से खिलवाड़ हुआ तो प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई भी करेंगे। इस मामले में जांच की जा रही है जो लोग वहां इन दोनों के साथ आए थे उनसे भी पूछताछ की जाएगी।