Uttarakhand News 14 Jan 2025: हल्द्वानी। अजाकतत्वों में पुलिस का खौफ कम हो रहा है। रविवार देर रात कोतवाली से चंद कदम दूर बस स्टेशन में एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ का विरोध कर रहे परिचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। अस्पताल में भर्ती परिचालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हल्द्वानी बस स्टेशन पर रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे स्टेशन परिसर में परिचालक विवेक कुमार अपने साथियों के साथ खड़े थे। इतने में एक व्यक्ति आकर स्टेशन परिसर में मौजूद महिला से छेड़छाड़ करने लगा। यह देख विवेक ने आरोपी को समझाया तो वह बहस पर उतर आया और परिवहन निगम को अपशब्द बोलने लगा। चश्मदीदों ने बताया कि मौके पर काफी कर्मचारी जमा हो गए। इस पर आरोपी तुरंत वहां से चला गया। करीब एक घंटा बाद आरोपी फिर आया। परिचालक विवेक से बहस के बाद धक्कामुक्की करने लगा। इस बीच आरोपी ने नुकीली वस्तु से विवेक के कान के नीचे प्रहार कर दिया। इससे परिचालक जमीन पर गिर पड़ा। कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग गया। साथियों ने विवेक को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने परिचालक को 24 घंटे की निगरानी में रखा है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के हिसाब से आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।