Uttarakhand News 12 Feb 2026: हल्द्वानी। दिल्ली से अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए भीमताल जा रहा एक युवक बस में जहरखुरानी का शिकार हो गया है। उसका मोबाइल, पर्स व एटीएम भी लूट लिया गया।
बेसुध हालत में युवक हल्द्वानी के शीशमहल में बस से उतरा। तहरीर मिलने के बाद काठगोदाम पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दिल्ली में एक आइटी कंपनी में गणाई गंगोली पिथौरागढ़ निवासी पंकज पांडे काम करता है। रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए पंकज सोमवार रात आनंद बिहार से बस में सवार हुआ।
इस दौरान रास्ते में अज्ञात लोगों ने उसकी चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। जिससे पंकज बेहोश हो गया। पंकज के बेहोश होने के बाद उसका पर्स, एटीएम, मोबाइल फोन और नकदी चुरा ली।
इस दौरान बस के भीतर ही पंकज के फोन से एक लाख रुपये का ट्रांजेक्शन भी कर दिया गया। सुबह हल्द्वानी पहुंचने के बाद पंकज को बस ने शीशमहल के पास उतार दिया। सुबह टहलने निकले लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
जिसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया और घायल अवस्था में युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। पुलिस टीम बस का पता लगा रही है कि कौन सी बस में बैठक पंकज हल्द्वानी पहुंचा था।










