Uttarakhand News 4 August 2025: ”सर! प्लीज हमें बचा लीजिए। आगे भी सड़क धंस गई है और पीछे भी। हमारी कार बढ़ नहीं रही है। सुनसान इलाका है। हमें कुछ समझ में नहीं आ रहा है।” यह कहना है मूसलाधार बारिश के बीच बल्दियाखान-फतेहपुर मोटरमार्ग पर बेल के पास फंसे आठ लोगों का।

रविवार शाम बल्दियाखान-फतेहपुर मार्ग पर आठ लोग दो कारों से हल्द्वानी लौट रहे थे। शाम पांच बजे के करीब वह जब बेल के पास पहुंचे तो अचानक सड़क धंस गई। भूस्खलन के बाद उन्होंने वाहन को बैक करना चाहा तो पीछे की सड़क भी धंस गई। इसे वाहन में सवार सभी लोग अनहोनी की आशंका से डर गए। उन्होंने तुरंत परिचितों को फोन कर मदद की गुहार लगाई।

जंगल के बीच फंसे हल्द्वानी के शशिकांत ने फोन कर कहा कि मौके की स्थिति से उन्हें डर लग रहा है। बारिश थम नहीं रही है। इससे उनके साथी की तबीयत खराब हो रही है। शशिकांत ने सहमी हुई आवाज में कहा कि उनके मोबाइल पर नेटवर्क नहीं पकड़ पा रहा है। मुखानी थाने के एसओ दिनेश जोशी ने बताया कि पुलिस टीम भेजी गई है लेकिन बसानी तक भी पहुंचना मुश्किल है। मार्ग पर दो नाले पड़ते हैं। दोनों ही उफान पर हैं। लोग बसानी से काफी ऊपर फंसे हैं।

बेल के पास लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। ज्योलिकोट के साथ ही स्थानीय स्तर पर बचाव दल को डिटेल भेजी गई है। पुलिस टीम उन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। उन्हें जल्द से जल्द रेस्क्यू किया जाएगा।