Uttarakhand News 12 Mar 2026: हल्द्वानी। शहर की एक युवती की इंटरनेट मीडिया में अनजान विदेशी नागरिक से दोस्ती हो गई। कनाडा के नागरिक ने दोस्ती के बाद उसे गिफ्ट पैक के भीतर 50 हजार डॉलर भेजने का लालच दिया। इसके बाद युवती के पास कथित कस्टम अधिकारी का फोन आया और उसने इन राशि को भारतीय मुद्रा में बदलने व टैक्स के एवज में पहले कुल चार लाख रुपये ठग लिए।
हल्द्वानी में कॉस्मेटिक की दुकान चलाने वाली युवती ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल में अपने साथ ऑनलाइन ठगी होने की शिकायत दर्ज की। इसके बाद हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी की गई है। युवती ने बताया कि कनाडाई नागरिक बताने वाले युवक से इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती हुई। जिसके बाद चैटिंग होती रहती थी।
युवक ने उसे कनाडा से एक सरप्राइज गिफ्ट भेजने की बात कही। कुछ दिनों के बाद दिल्ली एयरपोर्ट से कस्टम अधिकारी बनकर एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने बताया कि कनाडा से एक पार्सल उसके नाम आया है। पार्सल डिलीवर होने पर टैक्स लगेगा। टैक्स के साथ ही अनजान व्यक्ति ने गिफ्ट पैक के अंदर 50 हजार डॉलर होने की बात बताई।
50 हजार डॉलर सुन उसे लालच आ गया और अपने खाते के साथ ही उसने चार लाख रुपये एफडी तोड़कर धनराशि निकाल ली। बाद में युवती के घर पार्सल नहीं आने, कथित दोस्त से संपर्क नहीं होने व कस्टम अधिकारी का नंबर भी स्विच ऑफ आने के बाद उसे ठगी का एहसास हुआ। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि युवती की शिकायत के बाद ठगों के खाता नंबरों की जांच की जा रही है।
अनजान व्यक्ति से न करें फोन पर बात
एसपी सिटी कत्याल ने बताया कि इन दिनों साइबर ठग किसी भी तरह लोगों को ठगने के लिए अपने जाल में फंसा लेते हैं। इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों का प्रयोग कर युवकों से लड़कियों की आवाज में व युवतियों से लड़कों की आवाज में साइबर ठग बात करते हैं।
जिसके बाद सरप्राइज गिफ्ट भेजने के नाम पर लोगों को ठगा जाता है। किसी भी अनजान व्यक्ति से इंटरनेट मीडिया में दोस्ती नहीं करनी चाहिए। डिजिटल फ्रेंडशिप काफी घातक हो सकती है।










