Uttarakhand News 13 Mar 2026: हल्द्वानी में प्रशासन ने बृहस्पतिवार को ऊंचापुल क्षेत्र में दो अवैध भवनों पर पोकलेन मशीन चला दी। अतिक्रमणकारियों की ओर से स्वयं अवैध निर्माण न हटाने के बाद यह कार्रवाई की गई। सिंचाई और लोक निर्माण विभाग की भूमि पर बने ये भवन सड़क चौड़ीकरण परियोजना की जद में आ रहे थे। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि पिछले एक साल से शहर में सड़क और चौराहों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। कालाढूंगी स्टेट हाईवे पर कठघरिया से कालूसिद्ध मंदिर तक चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण होना है।
ऊंचापुल क्षेत्र में ये दो भवन सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे थे। इन भवनों को हटाने के लिए जुलाई 2025 से अब तक कई बार नोटिस जारी किए गए थे। भवन स्वामियों ने सात मार्च तक स्वयं अवैध निर्माण हटाने का लिखित आश्वासन दिया था। अवधि बीतने के बाद भी जब उन्होंने निर्माण नहीं हटाया तो बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा और एसडीएम प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल व पोकलेन पोकलेन मशीन के साथ मौके पर पहुंचे। पोकलेन मशीन ने भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की।










