Uttarakhand News 13 Dec 2025: भारतीय सेना को आज 491 युवा सैन्य अधिकारी मिले। पीपिंग और ओथ सेरेमनी के साथ ही कुल 525 आफिसर कैडेट सेना में शामिल हुए। इनमें से 491 युवा सैन्य अधिकारी भारतीय थल सेना को मिले, जबकि 34 कैडेट 14 मित्र देशों की सेनाओं का हिस्सा बने।
शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में पासिंग आउट परेड (पीओपी) का समीक्षा अधिकारी, भारतीय थलसेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने निरीक्षण किया। ऑफिसर कैडेट निष्कल द्विवेदी को स्वॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित करते समीक्षा अधिकारी जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ।
थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बतौर रिव्यूइंग अफसर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने पास आउट हो रहे आफिसर कैडेट की सलामी भी ली। टेक्निकल क्रेडिट कोर्स के जाधव सुजीत संपत को रजत पदक से सम्मानित किया गया। बांग्लादेश के जूनियर अंडर ऑफिसर मोहम्मद शफीक अशरफ को भी समीक्षा अधिकारी जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सम्मान दिया। इसके बाद समीक्षा अधिकारी जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने परेड को संबोधित किया।
रूट डायवर्ट रहेंगे
आईएमए पासिंग आउट परेड के लिए आज रूट डायवर्ट हैं। आईएमए के आसपास जीरो जोन हैं। पीओपी के लिए जारी डायवर्जन प्लान आज सुबह 5.30 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक लागू रहेगा।
परेड के दौरान आईएमए की ओर कोई भी यातायात नहीं जाएगा। बल्लूपुर से प्रेमनगर की ओर जाने वाले यातायात को रांघडवाला तिराहा से मिठी बेरी होते हुए प्रेमनगर भेजा जाएगा। प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को प्रेमनगर चौक से एमटी गेट से अंदर मीठी बेरी गेट से रांघडवाला से शहर की ओर भेजा जाएगा।
सेलाकुई और भाऊवाला से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला होते हुए नया गांव से शहर की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा देहरादून से विकासनगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से डायवर्ट कर विकासनगर धर्मावाला की ओर भेजा जाएगा।










