Uttarakhand News 16 August 2025 रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के चलते तीन दिन तक रोक लगाने के बाद केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को मौसम सामान्य होने पर पुलिस प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा की अनुमति दी। सोनप्रयाग से लगभग दो हजार श्रद्धालु केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए। हालांकि यात्रा शुरू होते ही एक दर्दनाक हादसा भी सामने आया, जिसमें महाराष्ट्र के एक यात्री की मौत हो गई।
भारी बारिश से रुकी थी यात्रा
12, 13 और 14 अगस्त को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद प्रशासन ने एहतियातन यात्रा स्थगित कर दी थी। इस दौरान गौरीकुंड–केदारनाथ मार्ग पर कई जगह भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं हो रही थीं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने यात्रा को पूरी तरह रोका था।
फिर से शुरू हुई यात्रा
15 अगस्त की सुबह मौसम की निगरानी के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने सोनप्रयाग से यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी। लगभग दो हजार यात्री सुरक्षा व्यवस्था के बीच गौरीकुंड और फिर केदारनाथ की ओर रवाना हुए। प्रशासन ने विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
पैदल मार्ग पर हादसा
शनिवार सुबह करीब 10 बजे गौरीकुंड से डेढ़ किलोमीटर आगे छौड़ी गदेरे के पास पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर नीचे गिरा। यह सीधे महाराष्ट्र के यात्री परमेश्वर भीमरो खाईवाल (निवासी वडगांव कोठाटी, औरंगाबाद, महाराष्ट्र) पर आकर गिरा। उनके सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। शव को स्ट्रेचर की मदद से गौरीकुंड लाया गया और पंचनामा भरने के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने दी जानकारी
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बारिश के चलते अभी भी कई स्थानों पर बोल्डर और मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी कर रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।