Uttarakhand News 1 December 2022: कफड़ा इलाके में एक मजदूर ने जलती लकड़ी के भारी गिल्टे के वार से अपने साथी की जान ले ली। दोनों के बीच चाय के दूध को लेकर विवाद हुआ था। वारदात के बाद आरोपी भाग गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
द्वाराहाट ब्लॉक के कफड़ा क्षेत्र में इन दिनों दलमाड़ गांव की सड़क के डामरीकरण का कार्य चल रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के कई मजदूर काम कर रहे हैं। सोमवार की शाम काम से लौटे मजदूरों ने ठंड से बचने के लिए आग जलाई थी। मजदूर चाय बना रहे थे। बरेली (यूपी) की बहेड़ी तहसील के नवाबगंज थाने के कुडराकोटी गांव निवासी विकास गोस्वामी (19) पुत्र कल्लूनाथ गोस्वामी और सरदार नगर तहसील आंवला भमौरा निवासी धनपाल यादव के बीच चाय के दूध को लेकर कहासुनी हो गई।
किच्छा से वापस लाए द्वाराहाट:
मृतक के भाई अभिषेक ने बताया कि मंगलवार सुबह साथ के मजदूर एक गाड़ी बुक कर मृतक विकास गोस्वामी को गांव बहेड़ी ले जा रहे थे। बकायदा वह लोग उसे किच्छा तक पहुंचा भी चुके थे। मृतक के परिजनों ने शव किच्छा से वापस द्वाराहाट पहुंचा दिया। मंगलवार शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट में चिकित्सकों ने विकास को मृतक घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने मृतक का पंचनामा कर पोस्टमार्टम शव पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया। घटना राजस्व क्षेत्र कफड़ा सैली सुनोली की है। मृतक के पिता कल्लू नाथ गोस्वामी की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पिता ने की इंसाफ दिलाने की मांग:
विकास गोस्वामी के पिता कल्लूनाथ गोस्वामी ने आरोपी धनपाल यादव के खिलाफ सैली सुनाली राजस्व क्षेत्र में धारा 323, 302, 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दी है। उन्होंने राजस्व पुलिस से आरोपी को पकड़कर बेटे को इंसाफ दिलाने की मांग की है।
सदमे में दिखे साथी मजदूर:
हत्याकांड के बाद मजदूर घबराए दिख रहे थे। राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे मजदूर साथियों ने बताया कि विकास मिलनसार युवक था। उन्होंने कहा कि वह इस वारदात के बाद बेहद डर गए थे, जिस कारण विकास को गांव ले जा रहे थे, लेकिन पिता के कहने पर वापस द्वाराहाट पहुंचे। मजदूरों ने बताया कि बात कुछ नहीं थी सिर्फ चाय का दूध कम हो गया था। इसी को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। इसी विवाद में विकास के सिर पर आरोपी ने ताबड़तोड़ वार किए थे।
मजदूर की हत्या हुई है। आरोपी फरार है। उस पर केस दर्ज हो गया है। जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।