Uttarakhand News 27 Dec 2024:पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह नहीं रहे। 92 साल की उम्र में उनका दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है।
बता दें कि इससे पहले 13 अक्टूबर 2021 को मनमोहन सिंह बुखार की शिकायत के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराए गए थे। उस दौरान उनका बुखार ठीक हो गया था, लेकिन बाद में उन्हें कमजोरी होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पीएम मोदी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इस दौरान पूर्व पीएम के आवास पर मौजूद रहे।
कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मनमोहन सिंह की बेटी आज देर रात तक भारत पहुंच सकती हैं। पूर्व पीएम का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा। आम लोग पूर्व पीएम के अंतिम दर्शन शनिवार सुबह 8 बजे से लेकर 10 बजे तक कर सकेंगे। कांग्रेस मुख्यालय से ही मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।
सात दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा
केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 26 दिसंबर, 2024 को नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन के बाद 26 दिसंबर, 2024 से 1 जनवरी, 2025 तक पूरे देश में सात दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान, उन सभी स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां इसे पारंपरिक रूप से फहराया जाता है और सभी आधिकारिक कार्यक्रम स्थगित रहेंगे।
कल कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को कल यानी 28 दिसंबर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाएगा।
सैम पित्रोदा ने मनमोहन सिंह के निधन पर व्यक्त की संवेदना
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोस्तों और भारत के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं। यह एक महान नेता की बड़ी क्षति है, जिन्होंने 10 साल तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि मुझे उनके साथ लगभग 10 साल तक काम करने का मौका मिला, पहले राष्ट्रीय ज्ञान आयोग में और फिर सार्वजनिक सूचना, बुनियादी ढांचे और नवाचार पर।
मुख्यमंत्री ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व पीएम और कांग्रेस नेता रहे मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह का जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा. सीएम धामी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा- देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ.
उन्होंने लिखा कि- विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के प्रति समर्पित रहा. ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शान्ति:
हरीश रावत ने भी जताया शोक
उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने भी मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर लिखा- डॉ. मनमोहन सिंह एक अभूतपूर्व व्यक्तित्व, एक ऐसे वित्त मंत्री जिन्होंने भारत के आर्थिक विकास की बुनियाद जिसे राजीव गांधी जी ने रखा था. नई आर्थिक योजनाओं के साथ उस बुनियाद को ऊपर उठाया. आज की बुलंद इमारत उनके वित्त मंत्री के रूप में जो कृतित्व था, उसी का परिणाम है और उसी को उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ाया. भारत को एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के रास्ते पर खड़ा किया. हमको 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने का सपना दिखाया और उस सपने की दिशा में वह देश को आगे लेकर के चले,
कांग्रेस नेता ने लिखा-उनके (मनमोहन सिंह ) ही कार्यकाल में 27 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आए. गरीबों को मनरेगा के काम का अधिकार, वनवासियों को जंगल के निकट जहां वह रहे थे वहां उन्होंने वनाधिकार के रूप में अधिकार प्रदान किया. किसानों को 70 हजार करोड़ की कर्ज माफी, सूचना का अधिकार सार्वजनिक जीवन की स्वच्छता की दिशा में एक अभूतपूर्व कदम, शिक्षा का अधिकार, चिकित्सा का अधिकार, अन्न सुरक्षा का अधिकार, एक के बाद एक अधिकारों की श्रृंखला आमजन के लिए देने वाले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी हमारे बीच आज नहीं हैं, लेकिन वह हमारे व देशवासियों के दिलों में और भारत के शुभचिंतकों के दिलों में हमेशा रहेंगे.
करण माहरा ने जताया दुःख
रावत ने लिखा- एक महान सिख, एक महान भारतवासी, एक महामानव डॉ. मनमोहन सिंह जी आप हमको हमेशा याद आएंगे. हम सब शोक संतृप्त हैं, एक-दूसरे को सांत्वना दे सकते हैं. भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं उनके परिजनों व कांग्रेस परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें. ..ॐ शांति..
उत्तराखंड कांग्रेस के चीफ करण माहरा ने पूर्व पीएम के निधन पर दुःख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा- भारत ने आज एक महान अर्थशास्त्री, दूरदर्शी नेता और सादगी की मिसाल खो दी,मनमोहन सिंह जी का योगदान हमारे देश की आर्थिक मजबूती और लोकतांत्रिक मूल्यों को संजोने में अमूल्य है,उनके जाने से एक युग का अंत हो गया. आप हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे सर, आपकी विरासत हमेशा प्रेरणा देती रहेगी. ऊं शांति शांति शांति
मनमोहन सिंह के निधन पर भारतीय क्रिकेट टीम ने दी श्रद्धांजलि, काली पट्टी बांधकर खेल रही मैच
मनमोहन सिंह के निधन पर देश में शोक की लहर है। विश्व के कई बड़े नेता भी पूर्व पीएम के निधन पर शोक जता चुके हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया टूर पर गई भारतीय क्रिकेट टीम भी काली पट्टी बांधकर श्रद्धांजलि दे रही है।