Uttarakhand News, 04 July 2023: भुवनेश्वर: मां की ममता एक ऐसी चीज है, जिसकी बराबरी इस दुनिया में कोई नहीं कर सकता है। एक मां अपने बच्‍चे के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार रहती है और कई बार अपनी जान पर खेलकर अपने बच्‍चे की रक्षा करती है, लेकिन आज हम आपको जिस घटना के बारे में बताने जा रहे हैं उसमें एक मां ने मात्र एक हजार रुपए के लिए अपनी नौ महीने की बच्ची बेच दी।

पति के पीठ पीछे पत्‍नी ने बेच दी बच्‍ची: वाक्‍या मयूरभंज जिले के खूंटा थाना क्षेत्र का है। इस मामले में पुलिस ने बच्ची को छुड़ा लिया है और मां के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिले के खूंटा थाना अंतर्गत महुलिया गांव का मुसु मुर्मू अपनी पत्नी और नवजात को घर पर छोड़कर काम करने के लिए तमिलनाडु चला गया था। इस बीच एक महीने पहले उसकी पत्नी कर्मी (25) ने अपनी बच्ची को उसी गांव के माही मुर्मू (50) की मध्यस्थता में बिपराचरणपुर गांव के फुलमनी मरांडी और अखिल मरांडी को बेच दी।

पत्‍नी ने पति से कहा मर चुकी है बच्‍ची: मुसु को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। एक सप्ताह पहले जब वह घर लौटा तो घर पर उसकी पत्नी नहीं थी। खोजबीन किया तो पता चला कि उसकी पत्नी अपने मायके चली गई है। जब वह वहां पहुंचा और पत्नी से अपने बेटी के बारे में पूछा, तो उसने कहा कि वह मर चुकी है। उसे अपनी पत्‍नी की इस बात पर यकीन नहीं हुआ। उसने पड़ोसियों से पूछना शुरू किया।

पुलिस ने की आरोपितों की गिरफ्तारी: घटना के बारे में पता चला कि उसकी पत्नी ने मात्र 1000 रुपए में बच्ची को बेच दी है। उसके बाद उसने खूंटा थाने में शिकायत दर्ज कराई। खूंटा थाने में दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 178/23 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी कर्मी, फुलमनी, अखिल और माही को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया है। पुलिस ने मुक्त कराई गई बच्ची को मुसू को सौंप दिया है।